अखिलेश के CM बनने के सपने पर केशव मौर्य का तंज, बोले- पूरा नहीं होगा सपना

उत्तर प्रदेश के अमेठी दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जनता की नजर में खुद एक सवाल बन गए हैं। मौर्य ने दावा किया कि अखिलेश यादव सत्ता में वापसी के सपने देख सकते हैं, लेकिन उनका यह सपना पूरा होने वाला नहीं है।

केशव प्रसाद मौर्य अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी ने साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने दावा किया कि 2047 तक उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार नहीं बनने वाली है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव चाहे जितने सपने देख लें, लेकिन वह 2047 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले हैं। उन्होंने सपा प्रमुख के सत्ता में आने की संभावनाओं को खारिज करते हुए उन पर राजनीतिक तंज भी कसा।

केशव प्रसाद मौर्य ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि न तो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और न ही केंद्र में कांग्रेस की सरकार आएगी। मौर्य ने यह भी कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों ही चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर रही हैं। इसी राजनीतिक माहौल के बीच केशव मौर्य का अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर यह हमला सामने आया है।

अमेठी दौरे के दौरान केशव प्रसाद मौर्य से सहारनपुर में मस्जिद हटाए जाने को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि अगर कोई निर्माण गैरकानूनी है तो उसे हटाया जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि इसमें गलत क्या है।
अमेठी में कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 17 आवास लाभार्थियों को आवास की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत की और सरकार की योजनाओं को लेकर उनके सुझाव भी सुने।

मौर्य ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं को सुनने पर लगातार काम किया जा रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.