राकेश सचान-अखिलेश मुलाकात पर केशव मौर्य का बड़ा बयान, बोले- अखिलेश BJP में आने के लिए मिले थे
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया। कानपुर के बेनाझाबर स्थित टीएसएच में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘नमो सेवा, अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में पहुंचे मौर्य से जब राकेश सचान के सपा में जाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “सपा प्रमुख अखिलेश यादव हमसे मिले थे, भाजपा में शामिल होने के लिए।”
केशव मौर्य के इस बयान के बाद राकेश सचान और अखिलेश यादव की मुलाकात को लेकर सियासी चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, उपमुख्यमंत्री ने अपने दावे के समर्थन में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। मौर्य का यह बयान ऐसे समय आया है जब 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। नेताओं की मुलाकात और संभावित दल-बदल को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के PDA को ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ बताते हुए आरोप लगाया कि सपा का PDA गुंडों, अपराधियों, माफिया और दंगाइयों को संरक्षण देने वाला मंच है। मौर्य ने दावा किया कि 2027 में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और समाजवादी पार्टी सत्ता में वापस नहीं लौट पाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में शामिल होने कानपुर पहुंचे केशव मौर्य ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए शुद्ध मतदाता सूची जरूरी है और भाजपा SIR की प्रक्रिया का समर्थन करती है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर SIR को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले केशव मौर्य के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में राकेश सचान, अखिलेश यादव और संभावित दल-बदल को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

No Previous Comments found.