उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘लखपति दीदी’ अभियान को जन आंदोलन बनाने का दिया निर्देश-

 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘लखपति दीदी’ अभियान को जन आंदोलन बनाने का दिया निर्देश-

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिलाओं को सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे ‘लखपति दीदी’ अभियान को जन आंदोलन बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने अभियान में विभागीय समन्वय को प्राथमिकता देने और महिलाओं को प्रशिक्षण, कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता और विपणन से जोड़ने पर जोर दिया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को समूहों के माध्यम से जोड़ा जाए और उनके लिए आय सृजन गतिविधियों को विकसित किया जाए। इसके साथ ही उन्हें बैंक ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और उद्यमिता विकास से भी जोड़ा जाएगा।

अभियान के संचालन के लिए मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर पर समितियां गठित की जा रही हैं। मंडल स्तर पर मंडलायुक्त, जिला स्तर पर जिलाधिकारी और ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समितियां काम करेंगी। इन समितियों में विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। समीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए मंडलीय समिति त्रैमासिक, जिला स्तरीय समिति मासिक और ब्लॉक स्तरीय समिति पाक्षिक समीक्षा करेगी।

उपमुख्यमंत्री ने डिजिटल निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी बात कही, जिससे अभियान की प्रगति पर निरंतर नजर रखी जा सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि गरीबी उन्मूलन, सामाजिक समानता और समावेशी विकास की दिशा में प्रदेश को नई गति देगी।

‘लखपति दीदी’ अभियान से लाखों महिलाओं को स्वरोजगार, वित्तीय स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा, जिससे उत्तर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में स्थायी सुधार संभव होगा।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.