शादी का झांसा देकर नर्सिंग छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी डॉक्टर मोहम्मद आदिल फरार-
शादी का झांसा देकर नर्सिंग छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी डॉक्टर मोहम्मद आदिल फरार-
लखनऊ: राजधानी के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की एक नर्सिंग छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न और विश्वासघात का एक गंभीर मामला सामने आया है। कैसरबाग निवासी आरोपी डॉक्टर मोहम्मद आदिल पर आरोप है कि उसने छात्रा को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और अब उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दे रहा है।
दोस्ती से शुरू हुआ था सिलसिला-
पीड़िता अलीगंज क्षेत्र में एक पीजी में रहकर नर्सिंग की तैयारी कर रही है। इसी दौरान उसकी मुलाकात डॉ. मोहम्मद आदिल से हुई थी। आरोप है कि आदिल ने पहले पीड़िता से दोस्ती की, फिर प्यार का नाटक कर उसे अपने फ्लैट पर बुलाने लगा। शादी का वादा कर वह छात्रा के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
समझौते के बाद भी नहीं सुधरे हालात-
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्व में दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक लिखित समझौता भी हुआ। हालांकि, इसके बाद आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने न सिर्फ इनकार कर दिया, बल्कि उसकी निजी तस्वीरों को इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देने लगा।
पुलिस की कार्रवाई-
कैसरबाग इंस्पेक्टर अंजनी मिश्रा ने बताया कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फिलहाल आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और वह फरार है। पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपी के परिजनों और करीबियों के नंबरों को सर्विलांस पर ले लिया है ताकि जल्द से जल्द उसकी गिरफ्तारी की जा सके।


No Previous Comments found.