पितृपक्ष पिंडदान हेतु गया जा रहे 64 श्रद्धालुओं की CNG बस में लगी आग सभी सुरक्षित

खगड़िया । पितृपक्ष के अवसर पर *सिलिगुड़ी, पश्चिम बंगाल से गया में पिंडदान के लिए जा रहे 64 श्रद्धालुओं* की CNG बस में खगड़िया जिले के मानसी प्रखंड अंतर्गत पूर्वी ठाठा गांव के समीप शनिवार की सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण बस पूरी तरह जल गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 64 श्रद्धालु सुरक्षित हैं तथा किसी भी व्यक्ति को कोई शारीरिक क्षति नहीं हुई। बस में 29 महिलाएं एवं 35 पुरुष सवार थे। आग लगने के कारण श्रद्धालुओं के कपड़े, जूते-चप्पल, रुपये-पैसे, पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक सामान जल गए। स्थानीय निवासी प्रीयांशु कुमार एवं मिथुन कुमार ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रुकवाया तथा सभी श्रद्धालुओं को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही *जिलाधिकारी, खगड़िया  विक्रम विरकर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन शाखा सहित संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को मौके पर भेजकर राहत एवं सहायता कार्य सुनिश्चित कराया।

जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को तत्काल भोजन एवं पेयजल उपलब्ध कराया गया। आपदा प्रबंधन शाखा  द्वारा महिलाओं को डिग्निटी किट जिसमें साड़ी आदि सामग्री शामिल थी, पुरुषों को लुंगी, गमछा एवं कमीज तथा महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों के लिए **चप्पल सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। विदा करते समय सभी श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में भोजन के पैकेट एवं पेयजल की भी व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समेकित बाल विकास सेवाएं (ICDS) के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं के लिए दूध एवं सेनेटरी पैड की भी व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यकता के अनुसार जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।

घटना में नेपाल के भी एक परिवार के तीन सदस्य, माता-पिता एवं उनके पुत्र शामिल थे। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें भी भोजन, पेयजल, कपड़े, दूध, चप्पल एवं अन्य आवश्यक सामग्री  उपलब्ध कराई गई। आग में उनके आवश्यक दस्तावेज जल जाने के बाद जिला प्रशासन द्वारा यथासंभव पहचान पत्र एवं प्रमाणित दस्तावेज के साथ ही थाना द्वारा सन्हा दर्ज कर उसकी सत्यापित प्रति उन्हें उपलब्ध कराई गई, ताकि वे पुनः अपने दस्तावेज बनवा सकें। साथ ही बिहार-नेपाल सीमा पर अवस्थित अनुमंडल/थाना को भी इसकी जानकारी दी गई ताकि उन्हें चेक पोस्ट पर सीमा पार करने में कोई मुश्किल न हो। श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा दो बसों के साथ  सुरक्षा कर्मी की भी व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन के समेकित प्रयास से सभी यात्रियों को त्वरित राहत एवं सहायता प्रदान की गई।

संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन द्वारा कुछ ही घंटों के भीतर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन एवं जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया। राहत एवं सहायता मिलने के बाद श्रद्धालुओं के चेहरों पर संतोष एवं राहत दिखाई दी। श्रद्धालुओं ने कहा कि कठिन परिस्थिति में जिला प्रशासन द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराई गई सहायता उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण रही।

रिपोर्टर :- उमर खान

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.