खाकी के साये में हुए 'सात फेरे', पुलिस की मौजूदगी में प्रेमी युगल ने रचाई शादी
खगड़िया : पांच साल के प्यार को मिला मुकाम, परबत्ता शिव मंदिर में प्रेमी युगल ने रचाई शादी खगड़िया जिले से एक ऐसी अनोखी शादी की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा बटोर ली है। जहां अक्सर पुलिस के नाम से लोग कतराते हैं, वहीं आज पुलिस की मौजूदगी में एक जोड़ा वैवाहिक बंधन में बंध गया। परिजनों की रजामंदी और पुलिस के आशीर्वाद के साथ संपन्न हुई यह शादी अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वहीं पुरा मामला जिले के परबत्ता प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर परिसर बुधवार को उस समय प्रेम का साक्षी बन गया, जब एक प्रेमी युगल ने आपसी सहमति से सात जन्मों का बंधन स्वीकार कर लिया। इस अनोखी शादी ने न सिर्फ वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत परबत्ता के मोजाहिदपुर निवासी रितेश कुमार और उसी गांव की लक्ष्मी कुमारी के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। समय के साथ दोनों का रिश्ता इतना गहरा हो गया कि वे एक-दूसरे के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर पा रहे थे। हालांकि, परिवार वालों ने कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अडिग रहे।आखिरकार बुधवार को दोनों प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और स्थानीय थाना में आवेदन देकर शादी करने की इच्छा जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया। काफी बातचीत और समझाइश के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने को तैयार हो गए।
इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में प्रेमी युगल शिव मंदिर पहुंचे, जहां रितेश कुमार ने लक्ष्मी कुमारी की मांग में सिंदूर भरकर विवाह की रस्म पूरी की। इस दौरान मंदिर परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।हालांकि इस खुशी के मौके पर दोनों परिवारों के चेहरों पर भावुकता और हल्की चिंता भी साफ झलक रही थी। प्रेमी और प्रेमिका के पिता ने बताया कि जब दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं, तो उन्हें इसमें कोई आपत्ति नहीं है।यह प्रेम कहानी एक बार फिर यह संदेश देती है कि सच्चा प्यार हर बाधा को पार कर अपने मुकाम तक पहुंच ही जाता है।
रिपोर्टर : रेशु रंजन


No Previous Comments found.