पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा, बिहार कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को बताया चिंताजनक
खगड़िया : बिहार की सियासत से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने पार्टी की वर्तमान कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यादव के इन तीखे तेवरों ने न केवल बिहार कांग्रेस की अंदरूनी कलह को उजागर कर दिया है, बल्कि आगामी चुनावों से पहले पार्टी की मजबूती पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। आखिर क्या हैं वो आरोप और क्यों नाराज हैं छत्रपति यादव? देखिए इस रिपोर्ट में। खगड़िया जिले क़े बेलदौर विधानसभा क्षेत्र के माली, वेला, पीरनगरा एवं कैंजरी पंचायतों के दौरे पर पहुंचे पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने बिहार कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी इस समय संक्रमणकाल से गुजर रही है, जिसका मुख्य कारण समर्पित और संघर्षरत कार्यकर्ताओं की उपेक्षा तथा “भीड़तंत्र” का बढ़ता प्रभाव है।उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार कांग्रेस में संगठन सृजन के नाम पर कार्यकर्ताओं को गुमराह किया गया है। जिलेवार अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर असंतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों को जिलाध्यक्ष बनाया जाना समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय है। इससे संगठन में असमंजस, अस्थिरता और निराशा का माहौल बना हुआ है।पूर्व विधायक ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों से बच रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस संविधान के तहत संगठनात्मक चुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं, जबकि प्रदेश और जिला स्तर पर डेलीगेट पहले से निर्वाचित हैं।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2025 विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के दौरान कांग्रेस संविधान की अनदेखी की गई और धांधली हुई। यदि समय रहते पार्टी नेतृत्व ने स्थिति को नहीं सुधारा, तो बिहार कांग्रेस लंबे समय तक संक्रमणकाल से बाहर नहीं निकल पाएगी।छत्रपति यादव ने “कांग्रेस बचाओ अभियान” चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं को निडर होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। इसके तहत जिलेवार “कांग्रेस बचाओ सम्मेलन” आयोजित कर ठोस प्रस्ताव तैयार कर दिल्ली नेतृत्व को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 को खगड़िया जिला मुख्यालय स्थित केएन क्लब में होने वाले सम्मेलन से होगी, जिसमें सभी समर्पित कांग्रेसजनों को आमंत्रित किया गया है।इस दौरान उनके साथ दीपक सिंह, बालेश्वर साह, श्यामदेव यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। भ्रमण के क्रम में उन्होंने विभिन्न पंचायतों में स्थानीय लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति पर चर्चा की।
रिपोर्टर : रेशु रंजन


No Previous Comments found.