खुशियां मातम में बदली: शादी से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
खगड़िया : बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आ रही है, जहां एक शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। एक युवक, जो अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहा था, सड़क हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वहीं घटना महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़मोहनी ढाला एनएच-31 पर रविवार देर रात एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक अमरेश कुमार की मौत हो गई। मृतक गोगरी थाना क्षेत्र के गौछारी नवटोलिया गांव निवासी मंटू सिंह के पुत्र थे।जानकारी के अनुसार, अमरेश कुमार पनसलवा गांव स्थित अपने ननिहाल से एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। गढ़मोहनी चौक के समीप एनएच-31 पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई
घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल महेशखूंट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया।
चालक घटना के बाद वाहन सहित फरार हो गया
महेशखूंट थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि अज्ञात हाइवा चालक घटना के बाद वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर जारी रहता है, जो अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनता है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही हैं!
संवाददाता : रेशु रंजन

No Previous Comments found.