मौत को छूकर निकले महिनाथनगर मुखिया,हमले से इलाके में हड़कंप
खगड़िया : इस वक्त की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। महिनाथनगर के मुखिया पर जानलेवा हमला हुआ है। अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी है, हालांकि राहत की बात यह है कि मुखिया जी इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं। बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलदौर बाजार में एक सीएसपी से रूपया निकालने गए महिनाथनगर मुखिया दिनेश यादव पर जानलेवा हमला हुआ। जिसमें वे सतर्कता बरतते हुए बाल-बाल बचने में सफल रहे। घटना रविवार के दोपहर में बेलदौर बाजार स्थित यूनियन बैंक के एक सीएसपी की बताई जा रही है। इस संबंध में मुखिया ने बेलदौर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर नगर पंचायत के शेरबासा गांव निवासी शंकर यादव सहित दस नामजद एवं एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के विरूद्ध शिकायत करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। मुखिया के मुताबिक घटना के समय वे थानाध्यक्ष से थाना में सलाह मशविरा कर वापस घर लौट रहे थे। इसी क्रम में वे एक सीएसपी काउंटर से रूपया निकालने गए, जहां वे कुछ दूर रूक गए। इसी क्रम में नामजदों ने एक साजिश के तहत मजमा लगा कर घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच कर उन्हें सुरक्षित हमलावरों से बचा कर घर पहुंचाया। आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बेलदौर थानाध्यक्ष ने रविवार की शाम पांच बजे बताया कि मामले की जांच की जा रही है, वहीं इस हमले के बाद से ही महिनाथनगर और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। समर्थकों ने सुरक्षा की मांग तेज कर दी है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन हमलावरों को कब तक सलाखों के पीछे भेज पाती है। इस खबर पर हम लगातार नजर बनाए हुए हैं।
संवाददाता : रेशु रंजन


No Previous Comments found.