सोशल मीडिया पर 'विशेष नज़र', भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सीधी जेल ,

खगड़िया : 25 जून 2026 को जिलाधिकारी खगड़िया विक्रम वीरकर के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक खगड़िया भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री भानु प्रताप सिंह ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सूचना तंत्र को सशक्त बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, साम्प्रदायिक तनाव अथवा शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयासों पर तत्काल कार्रवाई करें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतते हुए लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।

एसपी ने विशेष रूप से पुलिस उपाधीक्षक (सदर) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोगरी को सोशल मीडिया सेल को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुहर्रम पर्व से संबंधित गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने वाली पोस्टों की सतत निगरानी करते हुए समय रहते कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला संयुक्तादेश के अनुसार जिले के विभिन्न जुलूस मार्गों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गोगरी थाना, मोरकाही थाना, मड़ैया ओपी एवं गंगौर ओपी क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक निगरानी की व्यवस्था की गई है। सभी थानाध्यक्षों को चौकीदारों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय सूचना तंत्र के माध्यम से लगातार सूचनाएं संकलित कर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

मुहर्रम जुलूस मार्गों पर शांति समिति की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध पूर्व से ही निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी एवं सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। साथ ही आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।

पर्व के दौरान जिला आपदा संचालन केंद्र, खगड़िया में जिला नियंत्रण कक्ष तथा अनुमंडल कार्यालय, गोगरी में नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। अग्निशमन दल, एम्बुलेंस, चिकित्सा पदाधिकारी एवं पारा मेडिकल स्टाफ की भी प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।

रिपोर्टर : रेशु रंजन

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.