डीएवी पब्लिक स्कूल महेशखूंट में अलंकरण सह प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
खगरिया : डीएवी पब्लिक स्कूल, महेशखूंट में रविवार को अलंकरण समारोह सह प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें बैज एवं सैश प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य हिमांशु नारायण ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों के बैज और सैश केवल अधिकार के प्रतीक नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन, सेवा, सत्यनिष्ठा और जिम्मेदारी का संदेश देते हैं।उन्होंने डीएवी संस्थानों के मूल मंत्र "कृण्वन्तो विश्वमार्यम्" का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से श्रेष्ठ आचरण और सकारात्मक नेतृत्व का परिचय देने का आह्वान किया। साथ ही ऋग्वेद के प्रेरणादायक मंत्र "संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्" का उल्लेख करते हुए एकता, सहयोग, सम्मान और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बैज पद प्रदान करता है, लेकिन चरित्र ही वास्तविक सम्मान दिलाता है।इस दौरान विद्यालय के स्कूल हेड बॉय, स्कूल हेड गर्ल, स्कूल कैप्टन, वाइस कैप्टन, हाउस कैप्टन, जूनियर कैप्टन, कैंपस कैप्टन तथा विभिन्न क्लबों एवं गतिविधियों के कैप्टनों सहित अन्य छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं दायित्व सौंपे गए। सभी पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह के दूसरे चरण में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
प्राचार्य हिमांशु नारायण ने विद्यार्थियों को स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए ज्ञान, चरित्र, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर अग्रसर रहने का संदेश दिया। उन्होंने सभी नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों एवं सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने अनुशासन, नेतृत्व और उपलब्धियों से विद्यालय का गौरव बढ़ाएं।
कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी वंदना कुमारी, विजय कुमार उपाध्याय, विनीत कुमार ठाकुर एवं मीतू सिंह ने संयुक्त रूप से किया। समारोह का समापन प्रेरणादायक वैदिक संदेश "चरैवेति, चरैवेति" अर्थात निरंतर आगे बढ़ते रहो के साथ हुआ। वरिष्ठ शिक्षक संतोष कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अभिभावकों एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके समर्पण, अनुशासन एवं टीम भावना के कारण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विनीत सिन्हा, प्रवीणा भारती, अशोक पंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : उमर खान
No Previous Comments found.