जिलाधिकारी विक्रम वीरकर की अध्यक्षता में प्रधान लिपिकों की बैठक आयोजित, रेडी रेकनर एवं लंबित संचिकाओं की समीक्षा
खगड़िया : जिलाधिकारी, खगड़िया विक्रम वीरकर की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के सभी विभागों, अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों के प्रधान लिपिकों एवं लिपिकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयों में रेडी रेकनर (Ready Reckoner) के अद्यतन संधारण, लंबित संचिकाओं (Pending Files), सक्रिय (Active Files) एवं निष्क्रिय (Inactive Files) की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक कार्यालय से संचिकाओं के रख-रखाव, अभिलेखों के वर्गीकरण एवं उनके अद्यतन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में रेडी रेकनर को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखा जाए, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण पत्र, संचिका अथवा अभिलेख की जानकारी त्वरित रूप से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए रेडी रेकनर का नियमित अद्यतन अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में लंबित संचिकाओं के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अनावश्यक रूप से किसी भी संचिका को लंबित न रखा जाए। प्रत्येक लंबित मामले की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सक्रिय एवं निष्क्रिय संचिकाओं का पृथक-पृथक संधारण करते हुए अभिलेख प्रबंधन को व्यवस्थित बनाया जाए।
उन्होंने सभी प्रधान लिपिकों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में संचिका संधारण, अनुक्रमणिका, रजिस्टर एवं अन्य कार्यालयीन अभिलेखों का नियमित निरीक्षण एवं अद्यतन किया जाए। कार्यालय व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुचारु अभिलेख प्रबंधन एवं समयबद्ध संचिका निष्पादन से न केवल कार्यालयों की कार्यकुशलता बढ़ेगी, बल्कि आम नागरिकों को भी त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना संभव होगा। बैठक में कार्यालयीन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
रिपोर्टर : उमर खान
No Previous Comments found.