खगड़िया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति और एकता का दिया संदेश

खगड़िया - 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत  खगड़िया जिलाधिकारी,विक्रम विरकर के नेतृत्व में समाहरणालय परिसर,खगड़िया से राजेंद्र चौक,खगड़िया तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के माध्यम से जिलेवासियों को राष्ट्रभक्ति,राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं, खिलाड़ियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा में सहभागिता की। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति से शहर का वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

जिलाधिकारी  विक्रम विरकर ने तिरंगा यात्रा में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा आमजनों से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारी आन,बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का गौरव एवं दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का उद्देश्य जिले के प्रत्येक परिवार एवं नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनभागीदारी किसी भी अभियान की सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी है। तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों से लेकर युवाओं,खिलाड़ियों,शिक्षकों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि जिले के लोग राष्ट्रहित से जुड़े आयोजनों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहभागी बन रहे हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ अनुशासन एवं उत्साह का परिचय दिया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों एवं तिरंगे के रंग से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता की भावना को और प्रबल करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना रहा। जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई कि वे 15 अगस्त के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाएं। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्य एवं यादगार बना दिया।

रिपोर्टर - उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.