​भागलपुर–कटिहार स्पेशल ट्रेन को नियमित करने तथा पसराहा एवं महेशखूंट में ठहराव को लेकर सांसद राजेश वर्मा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

खगड़िया : खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा ने रेल यात्रियों की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से सांसद ने ट्रेन संख्या 03407/03408 भागलपुर–कटिहार–भागलपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन को स्थायी रूप से नियमित करने और इसका ठहराव पसराहा एवं महेशखूंट रेलवे स्टेशनों पर सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

​सांसद राजेश वर्मा ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा 23 मई 2026 से इस ट्रेन का परिचालन स्पेशल ट्रेन के रूप में किया जा रहा है। इस रेलखंड पर यात्रियों की निरंतर भारी संख्या इस बात का प्रमाण है कि भागलपुर–कटिहार रूट पर इस ट्रेन की जनता को अत्यधिक आवश्यकता है। सीमित अवधि के स्थान पर इसे नियमित एवं स्थायी रूप से चलाया जाना बेहद जरूरी है।
​क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सांसद ने कहा कि वर्तमान में यह ट्रेन थाना बिहपुर के बाद सीधे मानसी में रुकती है, जिससे बीच के महत्वपूर्ण स्टेशनों—पसराहा एवं महेशखूंट—के यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पसराहा और महेशखूंट स्टेशन परबत्ता एवं बेलदौर विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख केंद्र हैं, जिनसे लाखों की आबादी और दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं।
​सांसद ने रेल मंत्री से मांग की है कि यात्रियों के सुगम आवागमन और व्यापक जनहित को देखते हुए इस ट्रेन को नियमित घोषित किया जाए और पसराहा एवं महेशखूंट स्टेशनों पर इसका आधिकारिक ठहराव तत्काल प्रभाव से स्वीकृत किया जाए।
रिपोर्टर : उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.