नवंबर तक चार विद्युत उपकेंद्रों को हर हाल में ऊर्जान्वित करें: राहुल कुमार
खगड़िया : जिला समाहरणालय, खगड़िया में शुक्रवार को नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड, पटना के प्रबंध निदेशक-सह-प्रभारी सचिव, खगड़िया राहुल कुमार, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति अंचल, बेगूसराय के अंतर्गत आने वाले विद्युत आपूर्ति प्रमंडल खगड़िया, बेगूसराय एवं बरौनी के राजस्व, परियोजनाओं, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, संचालन एवं सम्पोषण तथा स्मार्ट मीटरिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिष्ठापन की गति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना की सतत निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा विद्युत व्यवस्था के बेहतर संचालन एवं सम्पोषण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में RDSS योजना के तहत खगड़िया जिले में निर्माणाधीन कुल चार विद्युत शक्ति उपकेंद्रों को सितंबर 2026 तक हर हाल में ऊर्जान्वित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कार्यरत एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
आगामी माह से शुरू होने वाले पर्व एवं त्योहारों को देखते हुए प्रभारी सचिव ने निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत संरचनाओं एवं विद्युत उपकरणों का आवश्यक रख-रखाव समय पर पूरा करने को कहा, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान आम लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी, खगड़िया, उप विकास आयुक्त, खगड़िया, निदेशक (परियोजना), महाप्रबंधक (राजस्व), मुख्य अभियंता (संचालन एवं सम्पोषण), विशेष कार्य पदाधिकारी, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड, पटना, विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति अंचल, बेगूसराय, विद्युत कार्यपालक अभियंता, खगड़िया, बेगूसराय एवं बरौनी सहित तीनों विद्युत प्रमंडलों के सभी सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंता तथा विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित कार्यरत एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
रिपोर्टर : उमर खान
No Previous Comments found.