जिला बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठक में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर दिए गए सख्त निर्देश

खगड़िया। जिलाधिकारी, खगड़िया विक्रम विरकर, भा.प्र.से की अध्यक्षता में जिला बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बाल श्रम उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान माह में मात्र एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराए जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए धावा दल के माध्यम से अधिक से अधिक बाल श्रमिकों को विमुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने धावा दल को नियमित रूप से जीआरपी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल, ईंट-भट्ठों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच एवं छापेमारी करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई के दौरान  रेलवे पुलिस फोर्स का सहयोग लेने तथा जिला बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठकों में रेलवे पुलिस के प्रतिनिधियों को भी शामिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को सक्रियता के साथ कार्य करते हुए जिले को 

बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

प्रत्येक प्रखंड से कम से कम एक श्रमिक के बच्चे को उच्च शिक्षा योजना से जोड़ने का निर्देश बैठक में बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर जिले के प्रत्येक प्रखंड से कम से कम एक श्रमिक के बच्चे को उच्च शिक्षा से संबंधित योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय स्तर पर समीक्षा के दौरान सामने आने वाली शंकाओं एवं समस्याओं को आगामी बैठक में प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया, ताकि उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

वहीं, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान जिले में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए सघन जांच, नियमित छापेमारी, प्रभावी निगरानी एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जिला प्रशासन द्वारा बाल श्रमिकों को विमुक्त कराने तथा उन्हें शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर - उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.