दुर्गा पूजा–2026 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियाँ तेज, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर
खगड़िया : सोमवार को आयोजित समीक्षात्मक बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक खगड़िया के द्वारा संयुक्त रूप से अवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, प्रतिमा विसर्जन, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आपातकालीन प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए l
प्रमुख प्रशासनिक तैयारियाँ :-
1. सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था: जिले में कुल 97 लाइसेंसी दुर्गा पूजा प्रतिमाएँ चिह्नित हैं, जिनमें गोगरी अनुमंडल में 51 तथा खगड़िया अनुमंडल में 46 प्रतिमाएँ हैं। सभी पंडाल कमेटी को लाइसेंस लेने के लिए 08 अक्टूबर तक की तिथि निर्धारित की जाती है। सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत है, जिसका दूरभाष नंबर 06244-222384 है।
2. शांति एवं त्वरित कार्रवाई: थाना, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अनुमंडल एवं जिला स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने तथा पुलिस उपाधीक्षक स्तर पर इसकी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश है।
3. विसर्जन एवं घाटों की सुरक्षा: प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों और स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति, रूट निर्धारण तथा आवश्यकतानुसार महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
4. स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएँ: जिला मुख्यालय एवं अनुमंडल स्तर पर चौबीसों घंटे आकस्मिक चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
5. निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: पूजा स्थलों पर वीडियोग्राफी एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था करने, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने तथा शराबबंदी कानून का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब के विरुद्ध सघन जाँच एवं छापेमारी पर विशेष जोर दिया गया है।
6. पंडालों की सुरक्षा: पूजा पंडालों में विद्युत, भवन निर्माण एवं अग्निशमन संबंधी सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया है।
7. रावण वध आयोजन पर विशेष सतर्कता पिछले वर्ष खगड़िया जिलांतर्गत कुल पाँच स्थलों पर रावण वध कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस वर्ष आयोजन स्थलों का चयन, विधि-व्यवस्था संधारण तथा पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्टर : उमर खान

No Previous Comments found.