जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में जिलास्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित

खगड़िया : जिलाधिकारी खगड़िया,  विक्रम विरकर की अध्यक्षता में जिलास्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों, जन शिकायतों, न्यायालयीन वादों तथा विभागों के बीच समन्वय के अभाव में लंबित अथवा बाधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में CWJC एवं MJC से संबंधित मामलों, जन समाधान में प्राप्त आवेदनों, राज्य स्तरीय सहायता कार्यक्रम (SLSP) के लंबित मामलों, विभागवार सहयोग शिविर से संबंधित आवेदनों, प्रमाण-पत्र मामलों तथा मानव मृत्यु प्रतिवेदन को प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा के लिए रखा गया।

जन समाधान के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

बैठक में जिला जन समाधान दिवस की प्रगति की समीक्षा की गई। 19 जनवरी 2026 से 20 नवंबर 2026 तक विभिन्न पदाधिकारियों के समक्ष प्राप्त आवेदनों में कुल 1,088 आवेदन_ दर्ज किए गए, जिनमें 883 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 205 आवेदन लंबित हैं। जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

न्यायालयीन मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
CWJC से संबंधित समीक्षा में 20 नवंबर 2026 तक कुल 22 मामले लंबित_ पाए गए। इसी प्रकार MJC से संबंधित 7 मामले लंबित थे। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को न्यायालयीन मामलों में आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने तथा मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रमों की पूर्व तैयारी एवं जाँच दलों की रिपोर्ट समय पर देने का निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी जिला स्तरीय कार्यक्रम अथवा बैठक के आयोजन से पूर्व संबंधित विभाग के पदाधिकारी स्थल पर उपस्थित होकर सभी तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम में संबंधित लाभुक के आने की व्यवस्था, सभी के बैठने की व्यवस्था सहित सभी तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित की जाएगी ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
जिले में समय-समय पर जिस भी कार्य हेतु जाँच दल का गठन किया जाता है, वह दल अपनी जाँच प्रतिवेदन समय पर पूर्ण कर रिपोर्ट तुरंत समर्पित करना सुनिश्चित करेगा।
पेंशन, सेवानिवृत्ति लाभ एवं वेतन भुगतान की नियमित समीक्षा
बैठक में पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभ से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई। सेवानिवृत्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ निष्पादित करने तथा आगामी मार्च तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों की सूची एवं उनकी तैयारियों की स्थिति अद्यतन रखने पर जोर दिया गया। सेवानिवृत्ति पर मिलने वाले सभी बकाया लाभों की लंबितता को समाप्त करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी अपने अधीनस्थ सभी कर्मियों के वेतन का भुगतान समय पर करना सुनिश्चित करेंगे। समन्वय बैठक के प्रथम दो सप्ताह में समय पर वेतन भुगतान की समीक्षा की जाएगी।
बायोमेट्रिक उपस्थिति, कार्यालयों की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन
बैठक में सभी कार्यालयों, प्रखंडों, नगर निकायों एवं पंचायतों में बायोमेट्रिक उपस्थिति की स्थिति की समीक्षा तथा संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। कार्यालय भवनों एवं परिसरों की साफ-सफाई एवं रख-रखाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

सभी कार्यालयों में चल रहे रंग-रोगन / सौंदर्यीकरण कार्य में कार्यालय का Before एवं After का फोटो भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। सभी लिपिकों का टाइपिंग टेस्ट की प्रक्रिया शीघ्र  पूर्ण  करने हेतु  स्थापना उप समाहर्ता को निदेश दिया गया 
नीलाम पत्र, जीवन प्रमाणीकरण एवं आपदा मित्रों का भुगतान

नीलाम पत्र के प्रभारी पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को सामान्य रूप से नीलाम पत्र का आवेदन दिया जाए ताकि निष्पादन समय पर हो सके। सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह में दो दिन कोर्ट करना सुनिश्चित करेंगे।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को निर्देश दिया गया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय कर सभी लंबित पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाना है कि प्रत्येक माह के 10 तारीख को सभी पेंशनधारियों को निर्बाध रूप से पेंशन मिले।

प्रभारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिन आपदा मित्र एवं गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, उनका लंबित भुगतान शीघ्र कर दिया जाए।

बाल संरक्षण, आंगनबाड़ी एवं शिक्षा से संबंधित निर्देश

सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई को निर्देश दिया गया कि विशेष ड्राइव चलाकर जिले भर में सभी पात्र बच्चों को चिन्हित कर परवरिश योजना का लाभ दिलाया जाए। इसके लिए बैंकों को निर्देश दिया गया कि बच्चों का बैंक खाता खोलने में प्राथमिकता दी जाए। बीडीओ को निर्देश दिया गया कि जिन बच्चों का आधार कार्ड बनना है, उनका आधार कार्ड तथा जन्म प्रमाण पत्र बनवाया जाए ताकि परवरिश योजना के लाभ से सभी पात्र बच्चों को जोड़ा जा सके।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस को कम से कम 500 आंगनबाड़ी भवन बनवाने हेतु स्थल चिन्हित कर फाइनल करने का निर्देश दिया गया।

जिला अंतर्गत सभी मॉडल स्कूलों में सभी व्यवस्थाएं शत-प्रतिशत पूर्ण करने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं सभी मॉडल स्कूल के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी विद्यालयों के भवन की हुई सुरक्षा जाँच में जो विद्यालय जर्जर पाए गए हैं, उनके संबंध में जाँच की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए। जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह भी निर्देश दिया गया है कि सभी विद्यालयों में स्नेह समिति का जो गठन किया जाना है वो हुआ है या नहीं, इससे संबंधित प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

पीएम सूर्य घर, राशन कार्ड एवं पीएम गति शक्ति योजना

कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि पीएम सूर्य घर योजना की मॉनिटरिंग की जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा आवेदन जनरेट हो सकें।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी को राशन कार्ड के निर्माण की मॉनिटरिंग समय पर करने हेतु निर्देश दिया गया।

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया गया कि पीएम गति शक्ति पोर्टल पर जिला अंतर्गत सभी स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराई जाए। साथ ही जिले अंतर्गत सभी विभागों की सड़कों की भी जियो टैगिंग पीएम गति शक्ति पोर्टल पर कराई जाए।

सड़क, तटबंध, एक्सप्रेसवे एवं रेलवे आरओबी से संबंधित कार्यों की समीक्षा
बैठक में मुरादपुर सड़क से संबंधित प्रस्ताव  ग्रामीण कार्य विभाग के साथ समन्वय तथा मानसी तटबंध की स्थिति एवं प्रस्ताव की समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रस्तावित दोनों एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी तथा रेलवे आरओबी की स्थिति  से संबंधित विषय भी समीक्षा के लिए रखे गए।
मत्स्य एवं जीविका से संबंधित योजनाओं पर भी चर्चा
बैठक में एकीकृत मत्स्य औद्योगिक पार्क के प्रस्ताव तथा  स्नेह समिति की स्थिति एवं प्रस्तावित हस्तक्षेप  से संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

कार्यालयीन अभिलेखों के व्यवस्थित प्रबंधन पर विशेष ध्यान

बैठक में निष्क्रिय संचिकाओं के निस्तारण एवं बंद करने, अभिलेखों के लिए पर्याप्त स्थान की पहचान, रिकॉर्ड रूम के लिए प्राक्कलन तथा कॉम्पैक्टर की आवश्यकता / क्रय की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही अनुपयोगी कागजात, फर्नीचर एवं अन्य सामग्रियों के निस्तारण के लिए एसओपी एवं समितियों के गठन तथा साप्ताहिक प्रगति की निगरानी पर भी जोर दिया गया। साथ ही लंबित निरीक्षण प्रतिवेदनों तथा अन्य प्रशासनिक अनुपालन की समीक्षा पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध निष्पादन, प्रभावी अंतरविभागीय समन्वय एवं जनहितकारी कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त खगड़िया, श्रीमती श्रेया  अपर समाहर्ता खगड़िया,  पुष्पेश कुमार, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी / कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.