विकसित भारत–समृद्ध बिहार : नई सोच, नई उड़ान के साथ सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन का सफल आयोजन
खगड़िया : विकसित भारत–समृद्ध बिहार के संकल्प को साकार करने तथा सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर खगड़िया जिलाधिकारी विक्रम विरकर के नेतृत्व में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। राजस्व विभाग द्वारा पात्र लाभुकों के बीच भूमि स्वामित्व संबंधी पर्चा का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यक्ष्मा (टीबी) रोगियों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट प्रदान किए गए। आईसीडीएस के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं पर्यवेक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा नीट परीक्षा में जिले का नाम गौरवान्वित करने वाले सफल विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शुभकामनाएँ प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त मूक-बधिर विद्यालय के अधीक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के अधीक्षक, जीविका दीदियों, उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, स्वच्छता कर्मियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों, संविदा कार्यालय परिचारियों, जिलाधिकारी वाहन चालक तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अन्य व्यक्तियों को भी जिलाधिकारी विक्रम विरकर द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की सेवाओं को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाना है। उन्होंने सभी सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएँ देते हुए जनहित एवं विकास के कार्यों में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा जिलेवासियों से यक्ष्मा (टीबी) रोगियों को निक्षय मित्र (Ni-kshay Mitra) बनकर पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने *परवरिश योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में ऐसे बच्चे, जो अनाथ हैं, एचआईवी से प्रभावित परिवारों से हैं अथवा जिनके माता-पिता किसी कारणवश न्यायिक हिरासत/कारावास में हैं और जिन्हें पर्याप्त पोषण एवं देखभाल उपलब्ध नहीं हो पा रही है, उन्हें चिन्हित कर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया से ऐसे बच्चों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि, सम्मानित लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : उमर खान
No Previous Comments found.