स्नेह समिति कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित, बच्चों के शैक्षणिक विकास, पोषण एवं स्वास्थ्य सुधार पर जोर

खगड़िया : उप विकास आयुक्त, खगड़िया की अध्यक्षता में आज जिला समाहरणालय में स्नेह समिति कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग, समेकित बाल विकास सेवाएँ (आईसीडीएस), जीविका तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में स्नेह समिति कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक विकास, पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा समुदाय और अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

*माता समूहों के गठन का निर्णय*

कार्यक्रम के तहत समुदाय, आंगनवाड़ी केंद्र एवं विद्यालय स्तर पर नामांकित बच्चों की 5 से 8 माताओं को शामिल करते हुए स्नेह समिति के अंतर्गत माता समूहों का गठन किया जाएगा। इन समूहों के माध्यम से माताओं को बच्चों की पढ़ाई, पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

*प्रत्येक सप्ताह साझा की जाएँगी शैक्षणिक सामग्री एवं गतिविधियाँ*

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला एवं प्रखंड स्तर से प्रत्येक सप्ताह माता समूहों में बच्चों की पढ़ाई, पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित उपयोगी विचार, गतिविधियाँ तथा वीडियो सामग्री साझा की जाएगी। माता समूह की सदस्य माताएँ इन सामग्रियों के आधार पर घर पर बच्चों के साथ गतिविधियाँ करेंगी और उनके सीखने की प्रक्रिया, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर ध्यान देंगी।

*पायलट आधार पर होगा कार्यक्रम का संचालन*

स्नेह समिति कार्यक्रम को प्रारंभिक चरण में जीविका, आईसीडीएस एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से पायलट कार्यक्रम के रूप में संचालित किया जाएगा। पायलट चरण के अनुभवों एवं परिणामों के आधार पर कार्यक्रम का विस्तार सभी प्रखंडों के विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा जीविका के स्वयं सहायता समूहों तक किया जाएगा।

बैठक में शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं शिक्षकगण, आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिकाएँ, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की राज्य, प्रमंडल, प्रखंड एवं जिला स्तरीय टीम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों को आपसी समन्वय के साथ स्नेह समिति कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके शैक्षणिक स्तर, पोषण एवं स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार लाया जा सके।

रिपोर्टर : उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.