जिलाधिकारी ने ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
खगड़िया : जिलाधिकारी विक्रम विरकर एवं पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने आज संयुक्त रूप से जिले के ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव तथा उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। इस अवसर पर अपर निर्वाचन पदाधिकारी, खगड़िया अविनाश कुमार सहित जिले के राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, प्रभारी, प्रतिनिधि एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वेयरहाउस की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया तथा उनकी उपस्थिति में संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रखरखाव की व्यवस्था को सतत बनाए रखें तथा सभी आवश्यक अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं का नियमित रूप से अद्यतन संधारण सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी वेयरहाउस की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण एवं समीक्षा कार्य जारी रखने की बात कही।
रिपोर्टर : उमर खान
No Previous Comments found.