प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत खगड़िया में लाभार्थियों को चाबी, स्वीकृति-पत्र एवं बधाई-पत्र का वितरण
खगड़िया : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आज समाहरणालय, खगड़िया के मुख्य सभागार में लाभार्थियों के लिए विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्ण हो चुके आवासों के गृह प्रवेश के लिए लाभार्थियों को आवास की चाबी, पहली, दूसरी एवं तीसरी किश्त प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को बधाई-पत्र तथा नवचयनित लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किए गए।
यह कार्यक्रम राज्य स्तर पर पटना स्थित बापू सभागार में आयोजित मुख्य समारोह से सीधे प्रसारण के माध्यम से जुड़ा हुआ था। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पूर्ण आवासों के गृह प्रवेश एवं लाभार्थियों को विभिन्न दस्तावेजों के वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
जिला स्तर पर आयोजित समारोह में लगभग 140 लाभार्थी उपस्थित रहे। इस दौरान 15 लाभार्थियों को उप विकास आयुक्त, खगड़िया द्वारा चाबी, स्वीकृति-पत्र एवं बधाई-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों में अपने पक्के आवास का सपना पूरा होने को लेकर उत्साह एवं प्रसन्नता देखी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पात्र एवं चयनित लाभार्थियों से योजना के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवास निर्माण कार्य को समय पर पूर्ण करने तथा योजना का लाभ लेने की अपील की गई।
रिपोर्टर : उमर खान
No Previous Comments found.