खगड़िया जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मानसी घरारी में दीप प्रज्वलित कर विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ किया

खगड़िया  : सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समयबद्ध समाधान एवं शिक्षा व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को “विद्यार्थी सहयोग शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 25 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए गए। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मानसी घरारी में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी  अमरेन्द्र कुमार गोण्ड, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती आकांक्षा, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मानसी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मानसी  राजीव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

शुभारंभ के उपरांत जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक एवं विद्यालय से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संबंध में उनके सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव संबंधित पदाधिकारियों तक सीधे पहुंचाने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
सात निश्चय-03 के “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना है।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। संबंधित संस्थान अथवा छात्रावास के वास्तविक (Bona Fide) विद्यार्थी पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक समस्याएं एवं शिक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

पोर्टल एवं शिविर के माध्यम से समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा संचालन एवं परीक्षाफल में विलंब, अनधिकृत शुल्क की वसूली, कक्षाओं में बिजली एवं बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशालाओं की स्थिति, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई, कोचिंग तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्याएं दर्ज कराई जा सकती हैं।

जिला स्तर पर विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के नोडल पदाधिकारी के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी, खगड़िया  अमरेन्द्र कुमार गोण्ड को नामित किया गया है। प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को समेकित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिविर में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार अधिकतम 30 दिनों के भीतर अंतिम रूप से निस्तारण किया जाना है।
जिले के जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, खगड़िया; कोशी कॉलेज स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास; कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मानसी घरारी; कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, विष्णुपुर बेलदौर; के.डी.एस. कॉलेज, गोगरी; के.एम.डी. कॉलेज, परबत्ता; जी.एन.एम. एवं पैरामेडिकल छात्रावास, खगड़िया; अल्पसंख्यक बालक छात्रावास, खगड़िया तथा डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय छात्रावास, अलौली सहित विभिन्न संस्थानों में भी विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित संस्थानों में हेल्प डेस्क, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट एवं बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। साथ ही अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थी सहयोग शिविर विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान, उनके सुझावों को शिक्षा व्यवस्था में शामिल करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के वातावरण को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

रिपोर्टर : उमर खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.