DO की बैठक में EO सिंधु कमल के व्यवहार पर हंगामा! विधायक को करना पड़ा हस्तक्षेप, नगर सभापति अर्चना कुमारी ने DM को लिखा पत्र - जनप्रतिनिधियों के सम्मान की मांग।
खगड़िया : को एसडीओ धनंजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल के व्यवहार पर उठाए सवाल; जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की मांग नगर परिषद खगड़िया में प्रशासनिक समन्वय स्थापित करने एवं नगर विकास से जुड़े मुद्दों के समाधान को लेकर दिनांक 23 नवंबर 2026 को संध्या 6:00 बजे अनुमंडल पदाधिकारी श्री धनंजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ हुए व्यवहार को लेकर नगर सभापति अर्चना कुमारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में जिला पदाधिकारी, खगड़िया को पत्र लिखकर बैठक की परिस्थितियों की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक का उद्देश्य नगर परिषद खगड़िया में उत्पन्न प्रशासनिक परिस्थितियों को लेकर माननीय विधायक, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा जनहित एवं विकास कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने का रास्ता निकालना था। लेकिन बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी श्री सिंधु कमल का व्यवहार एवं बात करने का तरीका अत्यंत निराशाजनक रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के संचालन के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी के व्यवहार एवं हाव-भाव से भी ऐसा प्रतीत हो रहा था कि सभी पक्षों को समान रूप से सुनने के बजाय एक पक्ष की बातों को अधिक महत्व दिया जा रहा है। इस परिस्थिति में माननीय विधायक महोदय को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा। विधायक महोदय ने भी स्पष्ट रूप से कहा कि जनप्रतिनिधियों से बात करने का यह तरीका उचित नहीं है तथा सभी पक्षों को सम्मानपूर्वक सुना जाना चाहिए।
नगर सभापति ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कार्यपालक पदाधिकारी श्री सिंधु कमल का रवैया नहीं बदला और वे बैठक में जनप्रतिनिधियों के संबंध में ऐसी बातें प्रस्तुत करते रहे, जिन्हें नगर सभापति ने मनगढ़ंत एवं वास्तविकता से परे बताया। उनके अनुसार, बैठक का उद्देश्य विवाद का समाधान और आपसी समन्वय स्थापित करना था, लेकिन जनप्रतिनिधियों को ही अपनी बात रखने में कठिनाई का सामना करना पड़ा तथा उनके सम्मान का ध्यान नहीं रखा गया।
जनप्रतिनिधि क्या केवल अपमानित होने के लिए कार्यालय जाएंगे?’
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि हम जनता द्वारा निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं। हमारा दायित्व नगर की जनता की समस्याओं को उठाना, विकास कार्यों की समीक्षा करना और जनहित में प्रशासन से जवाबदेही सुनिश्चित करना है। यदि नगर में जनप्रतिनिधियों की भूमिका समाप्त कर दी जाए और कार्यपालक पदाधिकारी ही सशक्त स्थायी समिति, बोर्ड एवं नगर सभापति की भूमिका निभाने लगें, तो जनप्रतिनिधियों के अस्तित्व और जिम्मेदारी का क्या अर्थ रह जाएगा?
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जनप्रतिनिधियों की बातों और अधिकारों को महत्व नहीं दिया जाएगा, तो फिर हम नगर परिषद कार्यालय जाकर क्या करेंगे? क्या हम केवल अपमानित होने के लिए कार्यालय जाएंगे?
समन्वय बैठक में ही सम्मानजनक संवाद नहीं, तो अन्य परिस्थितियों की कल्पना की जा सकती है
नगर सभापति ने कहा कि जब अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक में भी कार्यपालक पदाधिकारी का व्यवहार जनप्रतिनिधियों के प्रति इस प्रकार रहा, तो नगर परिषद कार्यालय एवं अन्य परिस्थितियों में उनके साथ कैसा व्यवहार किया जाता होगा, इसकी सहज कल्पना की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि इस घटना से वह अत्यंत आहत एवं निराश हैं। नगर के विकास और जनहित के लिए कार्य करने वाले निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं जनप्रतिनिधियों के सम्मान के अनुरूप नहीं है।
जनप्रतिनिधियों का सम्मान जनता के जनादेश का सम्मान
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान केवल किसी व्यक्ति का सम्मान नहीं है, बल्कि उस जनता के जनादेश और लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान है, जिसने हमें चुनकर नगर की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशासनिक पदाधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय, संवाद एवं पारस्परिक सम्मान लोकतांत्रिक स्थानीय स्वशासन की मजबूती के लिए आवश्यक है।
उन्होंने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि 23 नवंबर 2026 को आयोजित समन्वय बैठक की परिस्थितियों एवं कार्यपालक पदाधिकारी के व्यवहार को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए निष्पक्ष समीक्षा की जाए। साथ ही नगर परिषद खगड़िया में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान, अधिकार एवं भूमिका को सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच उचित समन्वय स्थापित करने हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं।
नगर सभापति ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की अपमानजनक परिस्थितियों की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए तथा प्रशासनिक विवाद के कारण नगर के जनहित एवं विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से उचित हस्तक्षेप एवं आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
रिपोर्टर : रेशु रंजन

No Previous Comments found.