अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद साल्हेवारा नगर इकाई की नवीन कार्यकारिणी घोषित

खैरागढ - साल्हेवारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) साल्हेवारा नगर इकाई की नवीन नगर कार्यकारिणी की घोषणा संगठनात्मक बैठक के दौरान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन तथा पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात आयोजित बैठक में विद्यार्थी परिषद की संगठनात्मक गतिविधियों, विद्यार्थियों की भूमिका, आगामी कार्यक्रमों तथा छात्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हर्ष वर्मा एवं छुईखदान इकाई के नगर मंत्री शुभम साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक सुधार, राष्ट्र एवं समाज के प्रति युवाओं में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्यरत है।

उन्होंने कहा कि नवीन कार्यकारिणी के गठन से साल्हेवारा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा छात्रहित से जुड़े विषयों को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन के उद्देश्यों एवं विचारों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कीर्तन यादव को नगर मंत्री की जिम्मेदारी

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कीर्तन यादव को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद साल्हेवारा नगर इकाई का नगर मंत्री दायित्व सौंपा गया। वहीं टिकेंद्र माझे, अंकित वर्मा, ढालचंद डहरिया एवं ज्योति कुम्भकार को नगर सहमंत्री का दायित्व प्रदान किया गया। इसके साथ ही नगर कार्यकारिणी में विभिन्न दायित्वों की घोषणा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नवीन पदाधिकारियों ने संगठन द्वारा दिए गए दायित्व को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने का संकल्प लिया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सामने लाने, उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने तथा साल्हेवारा क्षेत्र में विद्यार्थी परिषद की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवीन नगर कार्यकारिणी के सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने एवं विद्यार्थी परिषद को साल्हेवारा क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर - रवि रजक

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.