गंडई में पहली बार होगा भव्य गरबा महोत्सव, 15 से 18 अक्टूबर तक चार दिवसीय आयोजन

खैरागढ : नगर में नवरात्रि पर्व के अवसर पर इस वर्ष एक विशेष आयोजन होने जा रहा है। युवा व्यापारी मित्र मंडल, गंडई के तत्वावधान में नगर में पहली बार चार दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 15 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक यानी पंचमी से अष्टमी तक आयोजित होगा। गरबा महोत्सव का आयोजन शासकीय राइस मिल के पास, पंडरिया रोड, गंडई में किया जाएगा। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि गरबा महोत्सव विशेष रूप से केवल महिलाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को नवरात्रि के पावन अवसर पर एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे पारंपरिक गरबा नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग ले सकें। नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व होता है। मां दुर्गा की आराधना के साथ गरबा नृत्य के माध्यम से भक्तिभाव और उल्लास का वातावरण निर्मित होता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवा व्यापारी मित्र मंडल द्वारा गंडई नगर में पहली बार इस प्रकार के गरबा महोत्सव की पहल की गई है।

चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इस आयोजन के माध्यम से नगर की महिलाओं को एक साथ मिलकर नवरात्रि पर्व मनाने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
युवा व्यापारी मित्र मंडल ने नगर की समस्त महिलाओं से इस चार दिवसीय गरबा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। नगर में पहली बार आयोजित होने जा रहे इस महिला गरबा महोत्सव को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
आयोजक-युवा व्यपारी मित्र मंडल

रिपोर्टर : रवि रजक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.