कोटवारों ने लंबित मांगों को लेकर किया एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन, सरकार को सौंपा ज्ञापन

खैरागढ़ : कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (पंजीयन क्रमांक-40) के बैनर तले शुक्रवार को तहसील मुख्यालय छुईखदान में कोटवारों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कोटवारों ने मांग की है कि उन्हें नियमित करते हुए राजस्व विभाग में संविलियन किया जाए तथा पारिश्रमिक बढ़ाकर न्यूनतम 15 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके अलावा नियुक्ति प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त करने, कोटवार परिवार के सदस्यों को नियुक्ति में प्राथमिकता देने, बिना पर्याप्त जांच के की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने, अनावश्यक बेगारी समाप्त करने तथा नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल हटाने की मांग भी की गई है।

कोटवार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों से लंबित मांगों के बावजूद शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो 15 अगस्त के बाद प्रदेशभर के लगभग 16 हजार कोटवार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में तहसील छुईखदान क्षेत्र के कोटवार बड़ी संख्या में शामिल हुए और शासन से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

रिपोर्टर : रवि रजक
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.