कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: कृषि केंद्र सील, अवैध व एक्सपायरी कीटनाशक जब्त
खैरागढ : उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में खरीफ मौसम 2026 के दौरान जिले में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। विभाग की निरीक्षण टीम द्वारा उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के साथ-साथ अवैध भंडारण, नकली कृषि आदान सामग्री एवं अवैध कीटनाशकों के ठिकानों पर लगातार जांच की जा रही है।
इसी क्रम में प्राप्त शिकायतों के आधार पर इतवारी बाजार स्थित मैसर्स साहू कृषि केंद्र का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में बिना स्रोत प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों के कीटनाशकों का भंडारण, मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं किया जाना तथा बड़ी मात्रा में एक्सपायरी (अवसान अवधि पूर्ण) कीटनाशकों का भंडारण पाया गया। मौके पर कृषि केंद्र संचालक द्वारा एक्सपायरी कीटनाशकों का विक्रय किए जाने की भी पुष्टि हुई।
अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग की टीम ने मौके पर उपलब्ध कीटनाशकों को जब्त कर कृषि केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध कृषि आदान सामग्री, नकली कीटनाशक अथवा अन्य अनियमित गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि किसानों के हितों की रक्षा करते हुए समय पर गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कीटनाशक अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर : रवि रजक
No Previous Comments found.