29 लाख की सड़क पर भ्रष्टाचार के आरोप: कांग्रेस के हंगामे के बाद CMO ने रुकवाया निर्माण
खैरागढ : नगर पालिका खैरागढ़ के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के इतवारी बाजार स्थित रावण भांठा में लगभग 29 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सीसी सड़क (सीसीकरण) कार्य को लेकर कांग्रेस ने गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और इसे पूरी तरह गुणवत्ताहीन बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की। मामले की सूचना मिलने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने अधिकारियों के निरीक्षण तक निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए, जिसके बाद फिलहाल काम बंद करा दिया गया।
रविवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का दल निर्माण स्थल पहुंचा। कांग्रेस का आरोप है कि निर्माण कार्य ठेकेदार सिद्धेश पारख द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन निरीक्षण के दौरान न तो नगर पालिका का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद था और न ही ठेकेदार स्वयं मौके पर मिला। वहां केवल ठेकेदार का एक रिश्तेदार मौजूद था, जो निर्माण कार्य से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि जिस दिन सरकारी अवकाश होने के कारण अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने की पूरी संभावना थी, उसी दिन निर्माण कार्य कराया जाना गंभीर संदेह पैदा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया मनमाने ढंग से संचालित की जा रही है। मौके से ही उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा को फोन कर निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित अनियमितताओं की जानकारी दी और चेतावनी दी कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ जाएंगे। इसके बाद सीएमओ ने तत्काल निर्माण कार्य रोकने तथा अधिकारियों द्वारा मौका मुआयना कर गुणवत्ता की जांच के बाद ही कार्य दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि इतवारी बाजार का रावण भांठा क्षेत्र हर वर्ष बारिश के दौरान बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित रहता है। पिछले वर्ष इसी स्थान पर बाढ़ के दौरान एक युवक की डूबने से मौत भी हो चुकी है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में यदि निम्न स्तर का निर्माण कराया जाएगा तो यह सड़क पहली ही बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न होगा।
नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने कहा कि नगर पालिका के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से लगातार समझौता किया जा रहा है। जनता के टैक्स की राशि से होने वाले विकास कार्यों में यदि मानकों का पालन नहीं होगा तो यह सीधे जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही निर्माण कराया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित वार्ड के भाजपा पार्षद पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि दोनों जनप्रतिनिधि प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद उनकी आंखों के सामने कथित रूप से गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य होता रहा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा जनप्रतिनिधियों को जनता के हितों से अधिक कमीशन की चिंता है।
निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्टर : रवि रजक
No Previous Comments found.