पटवारियों ने वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : छत्तीसगढ़ पटवारी संघ, जिला शाखा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए पटवारियों की वेतन विसंगति दूर करने और लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।

संघ ने ज्ञापन में कहा है कि प्रदेश के पटवारियों को वर्षों से वेतन संबंधी विसंगतियों का सामना करना पड़ रहा है। समान कार्य करने वाले कर्मचारियों के बीच वेतन में अंतर होने से कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। संघ का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
पटवारी संघ ने मांग की है कि वेतन विसंगति समिति का गठन कर शीघ्र निर्णय लिया जाए तथा शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर पटवारियों के वेतन का युक्तियुक्त निर्धारण किया जाए। साथ ही, विभागीय पदोन्नति, समय पर वेतन लाभ और अन्य लंबित मांगों का भी जल्द निराकरण किया जाए।
संघ का कहना है कि वेतन विसंगति दूर होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व कार्यों का बेहतर संचालन हो सकेगा। ज्ञापन के माध्यम से शासन से मांग की गई है कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार किया जाएगा।

रिपोर्टर : रवि रजक
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.