नाकेबंदी कर पुलिस ने पकड़ी शराब की बड़ी खेप

खैरागढ :  शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी के दौरान मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने बोलेरो वाहन में परिवहन की जा रही 25 पेटी गोवा व्हिस्की जब्त की। कार्रवाई में शराब सहित बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन मिलाकर कुल 6 लाख 62 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 225 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये तथा तीन मोबाइल फोन की कीमत करीब 12 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों की पहचान अंकित कुमार नामदेव (35 वर्ष), पिता आनंद कुमार नामदेव तथा सुभम सरकार (30 वर्ष), पिता रूप कुमार सरकार, दोनों निवासी कोण्डागांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गातापार में अपराध क्रमांक 46/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

रिपोर्टर : रवि रजक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.