पंचायत सचिव संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला पंचायत सीईओ को सौंपा ज्ञापन।
खैरागढ़ : प्रदेश पंचायत सचिव संघ, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पदाधिकारियों ने पंचायत सचिवों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने सचिवों की लंबित समस्याओं का जल्द निराकरण किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में संघ ने प्रमुख रूप से 17 मार्च 2025 से 16 अप्रैल 2025 तक हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर बकाया वेतन का भुगतान करने, वेतन से काटी गई अंशदायी राशि को संबंधित PRAN नंबर में प्रतिमाह जमा करने तथा प्रत्येक माह की 1 तारीख को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा संघ ने पारिवारिक पेंशनधारी एवं बैंक चेक पेमेंट से संबंधित कार्यों में पंचायत सचिवों को ड्यूटी नहीं लगाए जाने की मांग रखी है। वहीं, 20-सूत्रीय ग्राम पंचायतों के कार्यों को ऑनलाइन करने के लिए प्रत्येक पंचायत में ऑपरेटर नियुक्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। पंचायत सचिव संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सचिवों को लगातार विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का जिम्मा सौंपा जाता है। ऐसे में उनकी लंबित समस्याओं का निराकरण होने से कार्य करने में सुविधा होगी। संघ ने जिला प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
रिपोर्टर : रवि रजक
No Previous Comments found.