12 सितंबर को गंडई में होगा छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापना*

खैरागढ : छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को समर्पित छत्तीसगढ़ महतारी मूर्ति स्थापना समारोह का आयोजन 12 सितंबर 2026, शनिवार को गंडई में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ महतारी के रथ के साथ भव्य डीजे रैली निकाली जाएगी। रैली में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। इसमें पंथी, सुआ, कर्मा, गढ़वा बाजा, राउत नाचा सहित विभिन्न लोक कला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

देऊर मंदिर से निकलेगी रैली

आयोजकों के अनुसार 12 सितंबर, शनिवार को सुबह 10 बजे देऊर मंदिर, टिकरीपारा से रैली प्रारंभ होगी। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गोंडवाना मैदान, गंडई पहुंचेगी, जहां मुख्य कार्यक्रम एवं सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापना के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और लोक कलाओं को सहेजने का संदेश दिया जाएगा।

रात्रि में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुख्य कार्यक्रम के समापन के बाद रात्रि में “दाई के दुलरवा” जस झांकी, पटपर डोंगरगढ़ का विशेष कार्यक्रम रखा गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिला अध्यक्ष टेकराम ने समस्त छत्तीसगढ़ी समाज से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और पहचान को सम्मान देने का अवसर है।

वहीं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के जिला संयोजक राकेश साहू ने कहा कि गंडई में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और संस्कृति की भव्य झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने सर्व छत्तीसगढ़िया समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।

रिपोर्टर :  रवि रजक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.