मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जालबांधा एवं सलोनी के आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
खैरागढ - बच्चों से बातचीत कर जानी गतिविधियां, जालबांधा में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का कराया अन्नप्राशन
खैरागढ़, 11 सितंबर 2026// महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले के प्रवास के दौरान ग्राम जालबांधा एवं सलोनी पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जालबांधा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों, सीखने की प्रक्रिया तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) की जानकारी ली। बच्चों से विभिन्न प्रश्न पूछकर उन्होंने उनके उत्साह एवं आत्मविश्वास की सराहना की। सलोनी आंगनबाड़ी केंद्र में भी उन्होंने ईसीसीई गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की आयु के अनुरूप खेल-खेल में सीखने, गतिविधि आधारित शिक्षा तथा केंद्र के वातावरण को बच्चों के अनुकूल बनाए रखने पर जोर दिया।
जालबांधा आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में ही 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े शामिल हुईं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म में शामिल होकर उन्हें सुपोषण किट वितरित किए तथा बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी भाग लिया। सक्षम योजना के अंतर्गत दो महिलाओं को ऋण सहायता के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास की नींव प्रारंभिक अवस्था में ही रखी जाती है, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कुपोषण को कम करने के लिए गर्भावस्था से ही माताओं के खान-पान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को प्रोटीन एवं पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार देने, अभिभावकों को बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताने, उनसे बातचीत करने तथा मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचाने की अपील की।
‘हर घर मूंगा, घर-घर मूंगा’ अभियान को बढ़ावा देने की अपील
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पोषण संबंधी जागरूकता केवल आंगनबाड़ी केंद्रों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक घर तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने ‘हर घर मूंगा, घर-घर मूंगा’ अभियान को बढ़ावा देने की अपील करते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मूंगा, हरी सब्जियों एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बच्चों के भोजन में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने महिलाओं से स्वयं पोषण के प्रति जागरूक होने तथा परिवार एवं आसपास की महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां से स्वस्थ बच्चे का आधार तैयार होता है और स्वस्थ बच्चे ही सशक्त समाज की नींव बनते हैं। आगामी तीज पर्व के अवसर पर भी पोषण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े महिलाओं और बच्चों के हित में सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने एवं महिलाओं को अधिक स्वावलंबी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल ने महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की प्रमुख योजनाओं एवं गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भुनेश्वरी देवांगन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री घम्मन साहू, जालबांधा सरपंच श्रीमती संतोषी जयराम वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.आर. खुटेल, परियोजना अधिकारी छुईखदान श्री सुनील बंजारे, परियोजना अधिकारी खैरागढ़ श्रीमती रंजना श्रीवास्तव सहित महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, गर्भवती महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।
रिपोर्टर - रवि रजक

No Previous Comments found.