गंडई में कथित अवैध निर्माण पर नगर पंचायत की कार्रवाई, अतिक्रमण प्रभारी ने रुकवाया काम; निर्माण सामग्री जब्त

खैरागढ़ - नगर पंचायत गंडई क्षेत्र में कथित अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की नाराजगी के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने कार्रवाई की है। कवर्धा रोड स्थित वार्ड क्रमांक 10 में पुराने पटवारी सदन के पास संबंधित व्यक्ति द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य को नगर पंचायत के अतिक्रमण प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया। साथ ही निर्माण स्थल पर रखी सामग्री को जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया।

जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर निर्माण कार्य किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। लोगों की आपत्ति के बाद नगर पंचायत प्रशासन तक मामला पहुंचा, जिसके बाद अतिक्रमण प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करवाया। कार्रवाई के दौरान निर्माण स्थल पर मौजूद सामग्री की सूची तैयार कर पंचनामा बनाया गया।
पंचनामे में जब्त सामग्री का उल्लेख
22 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे तैयार पंचनामे में निर्माण स्थल से जब्त सामग्री का विवरण दर्ज किया गया है। इसमें लगभग 12 नग सामग्री प्लेट, एक बंडल छड़, ट्यूबवेल संबंधी सामग्री के 4 नग, लोहे की सामग्री 6 नग से अधिक, रेत-गिट्टी की एक ट्रॉली, सीमेंट के कुल 16 बैग तथा लगभग 250 ईंटों का उल्लेख है।
पंचनामे पर मौके पर मौजूद लोगों के हस्ताक्षर भी कराए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है।
अब निर्माण की अनुमति और भूमि की स्थिति पर उठ रहे सवाल
इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा जिस स्थान पर निर्माण कराया जा रहा था, क्या उसके लिए नगर पंचायत से विधिवत अनुमति ली गई थी? भूमि का स्वामित्व और निर्माण की वैधानिक स्थिति क्या है? यदि निर्माण नियमों के विपरीत पाया जाता है तो नगर पंचायत आगे क्या कार्रवाई करेगी?
स्थानीय लोगों की नाराजगी के बाद हुई इस कार्रवाई से अब नगर पंचायत प्रशासन की अगली भूमिका पर नजरें टिकी हैं। जरूरत है कि नगर पंचायत संबंधित भूमि के दस्तावेज, निर्माण अनुमति और नियमों की जांच कर स्थिति सार्वजनिक करे, ताकि मामले की वास्तविकता सामने आ सके।

रिपोर्टर - रवि रजक
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.