करोड़ों की गंडई सब्जी मंडी बदहाल, चोरी और तोड़फोड़ से सरकारी संपत्ति को नुकसान
खैरागढ़ - गंडई जिले की सबसे बड़ी कृषि उपज मंडियों में शामिल गंडई कृषि उपज मंडी परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सब्जी मंडी इन दिनों बदहाली और अव्यवस्था का शिकार होती नजर आ रही है। जिस उद्देश्य से लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त दुकानों का निर्माण कराया गया था, आज उन्हीं दुकानों की सुरक्षा भगवान भरोसे दिखाई दे रही है। रखरखाव के अभाव में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ ही चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सब्जी मंडी परिसर में निर्मित दुकानों की अब तक आम नीलामी और आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। इसके चलते दुकानें लंबे समय से खाली पड़ी हैं। स्थिति यह है कि दुकानों में लगाए गए नए दरवाजे और खिड़कियां धीरे-धीरे गायब होते जा रहे हैं। वहीं, खिड़कियों में लगे कांच को तोड़कर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। लाखों रुपये की लागत से तैयार निर्माण की इस तरह दुर्दशा होना मंडी प्रबंधन की निगरानी और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
चौकीदार के बावजूद शराबखोरी, आखिर किसकी जिम्मेदारी
सबसे गंभीर बात यह है कि मंडी परिसर में चौकीदार की व्यवस्था होने के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। खाली पड़ी दुकानों के अंदर शराब की बोतलें और डिस्पोजल सामग्री नजर आने की बात भी सामने आई है। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि खाली दुकानों का उपयोग असामाजिक तत्वों द्वारा बैठकर शराब पीने के लिए किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर मंडी परिसर की निगरानी किस तरह की जा रही है और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है
नीलामी नहीं होने से बढ़ रही अव्यवस्था
बताया जा रहा है कि पूर्व में दुकानों की नीलामी प्रक्रिया आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण पूरी नहीं हो सकी थी। नतीजतन, दुकानें खाली पड़ी हैं और उनका नियमित उपयोग नहीं हो पा रहा है। यदि मंडी प्रशासन समय रहते नीलामी प्रक्रिया पूरी कर दुकानों का नियमानुसार आवंटन कर देता है , तो न केवल मंडी में व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होतीं, बल्कि दुकानों की देखरेख और सुरक्षा की व्यवस्था भी बेहतर हो सकती है
अब प्रशासन की जिम्मेदारी तय करने की जरूरत
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार सब्जी मंडी की वर्तमान स्थिति यह सवाल खड़ा करती है कि सरकारी धन से बने निर्माण की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर मंडी प्रशासन कितना गंभीर है? आखिर नए दरवाजे-खिड़कियां गायब होने और कांच टूटने की घटनाओं पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? प्रशासन को चाहिए कि पूरे मामले की जांच कराकर चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं पर रोक लगाए, परिसर में नियमित निगरानी सुनिश्चित करे तथा लंबित नीलामी प्रक्रिया को नियमानुसार जल्द पूरा कराए।
जनता के पैसों से बनी सरकारी संपत्ति को यूं ही बर्बाद होने देना आखिर कब तक जारी रहेगा? अब देखना होगा कि मंडी प्रशासन इस अव्यवस्था पर कब तक संज्ञान लेता है और करोड़ों की लागत से बने इस परिसर को सुरक्षित रखने के लिए क्या कदम उठाता है।
गांडई कृषि उपज मंडी सचिव दीनदयाल सोनवानी का कहना है की मंडी परिसर मे बने सब्जी मंडी के नए दुकानों के खिड़खी दरवाजे के चोरी होने की जानकारी मिलते ही निरीक्षण कर तत्काल गांडई पुलिस को सुचना दिया गया है शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने कहा गया है नीलामी प्रक्रिया के लिए फिर से अगली प्रक्रिया की तैयारी है आपसी सहमति बना कर जल्द नीलामी किया जायेगा चौकीदार का धानखरीदी मे जिला प्रशासन द्वारा डिवटी लगाया गया है असका है की इसी का फायदा उठा कर ऐसे हरकत किये जा रहे है।
रिपोर्टर - रवि रजक

No Previous Comments found.