खामेनेई की मौत के बाद ईरान की 'हिट लिस्ट' में ट्रंप, नेतन्याहू समेत 13 बड़े नेताओं के नाम
मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच एक नई रिपोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। ईरान के एक प्रमुख अखबार में कथित तौर पर उन नेताओं की सूची प्रकाशित की गई है, जिन्हें सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत का जिम्मेदार बताते हुए निशाने पर दिखाया गया है। इस सूची में अमेरिका, इजरायल और यूरोप के कई शीर्ष नेताओं के नाम और तस्वीरें शामिल हैं। हालांकि, इस सूची को ईरानी सरकार की आधिकारिक मंजूरी मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टर में ट्रंप और नेतन्याहू सबसे ऊपर
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की राजधानी तेहरान से प्रकाशित हमशहरी अखबार में एक ग्राफिक पोस्टर छापा गया है। इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तस्वीरों को स्नाइपर के क्रॉसहेयर के साथ दर्शाया गया। पोस्टर पर चेतावनी भरे अंदाज में संदेश लिखा गया कि "अचानक मौत के लिए तैयार रहें।" इसी के साथ मोजतबा खामेनेई का एक बयान भी प्रकाशित किया गया, जिसमें बदले की बात कही गई।
इन नेताओं के नाम भी बताए गए
पोस्टर में ट्रंप और नेतन्याहू के अलावा 11 अन्य प्रमुख नेताओं और अधिकारियों को भी दिखाया गया है। इनमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, यूएस सेंट्रल कमांड के प्रमुख ब्रैड कूपर, इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी, इजरायली सेना प्रमुख इयाल जमीर और विदेश मंत्री गिदोन सार शामिल बताए गए हैं।
आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, अब तक ऐसा कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है कि इस कथित सूची को ईरान सरकार या शीर्ष नेतृत्व की औपचारिक मंजूरी प्राप्त है। वहीं मोजतबा खामेनेई ने भी सार्वजनिक रूप से उन लोगों के नाम नहीं बताए हैं, जिन्हें वह अपने पिता की मौत के लिए जिम्मेदार मानते हैं।
ट्रंप पहले भी जता चुके हैं हत्या की आशंका
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब पहले भी अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ईरान की ओर से डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाने की कथित साजिश से जुड़ी जानकारी मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इजरायल ने इस संबंध में अमेरिका के साथ खुफिया सूचनाएं साझा की थीं।
ट्रंप की चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने भी हाल ही में दावा किया था कि ईरान उन्हें निशाना बनाना चाहता है। उन्होंने कहा था कि यदि उनके खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई की गई, तो अमेरिका इसका कड़ा जवाब देगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर भी ईरान को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए लिखा था कि किसी भी हमले की स्थिति में उसका जवाब पूरी ताकत से दिया जाएगा।
No Previous Comments found.