सच या साजिश? खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट में एफआईआर
पटना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर से जुड़ा विवाद अब और गहरा गया है। मंगलवार देर रात सेंटर पर कथित तौर पर हमला हुआ, जिसमें तोड़फोड़, पथराव और सिक्योरिटी गार्डों से मारपीट की बात सामने आई। इसी दौरान फायरिंग की भी घटना बताई गई, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया।
कोचिंग के संचालक फैजल खान, जिन्हें लोग ‘खान सर’ के नाम से जानते हैं, ने शुरुआत में आरोप लगाया था कि उनके सामने ही पास के एक अन्य कोचिंग से जुड़े लोगों ने फायरिंग की थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान को लेकर सावधानी बरतते हुए कहा कि फायरिंग की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक नया मोड़ तब आया जब पुलिस जांच में सामने आया कि कोचिंग परिसर में तैनात दो सिक्योरिटी गार्डों ने कथित तौर पर राइफल से हवाई फायरिंग की थी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया गया और उनकी राइफलें जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दी गईं। पूछताछ में दोनों गार्डों ने दावा किया कि उन्होंने भीड़ और हमले की स्थिति में बचाव के लिए फायरिंग की थी।
इसी आधार पर कदमकुआं थाने में अलग से मामला दर्ज किया गया और आर्म्स एक्ट के तहत फैजल खान से भी पूछताछ शुरू हुई। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और हथियारों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। एक विशेष जांच टीम भी गठित की गई है जो पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
दूसरी ओर, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के प्रतिनिधियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया है कि यह घटना किसी साजिश का हिस्सा हो सकती है और फायरिंग की कहानी को जानबूझकर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—हमले, तोड़फोड़, फायरिंग और दोनों पक्षों के आरोपों—की जांच कर रही है, और मामले में कई लोगों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
No Previous Comments found.