नवनिर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने पदभार ग्रहण किया

खरगोन : नवनिर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने शुक्रवार दोपहर वाहन रैली के साथ सनावद रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्र्रहण किया। उन्हें निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने पुष्पगुच्छ भेंटकर व मिठाई खिलाकर जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर पदासीन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इससे पहले श्रीमती ब्राह्मणे का प्रथम नगर आगमन पर आतिशबाजी व पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्रीमती ब्राह्मणे ने पहाड़सिंहपुरा स्थित श्रीराम मंदिर तथा कुंदा तट स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की व आशीर्वाद लिया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया गुरुवार देररात्रि भाजपा संगठन पर्व 2024 अंतर्गत प्रदेश निर्वाचन अधिकारी विवेक शेजवलकर की अनुमति से जिला निर्वाचन अधिकारी देवीलाल धाकड़ ने श्रीमती ब्राह्मणे को खरगोन जिलाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया। श्रीमती ब्राह्मणे शुक्रवार को अपने गृहनगर भीकनगांव से वाहन रैली के साथ जिला मुख्यालय खरगोन पहुंचीं। भाजपा जिला कार्यालय आगमन पर कार्यकर्ता, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने आतिशबाजी व पुष्पवर्षा कर उनका भव्य व गरिमामय स्वागत किया। जिलाध्यक्ष के कक्ष में पहुंचने पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने श्रीमती ब्राह्मणे को जिलाध्यक्ष का पदभार सौंपा। तत्पश्चात स्वागत कार्यक्रम संबोधित करते हुए श्री राठौर ने कहा मेरा पांच वर्ष से अधिक का जिलाध्यक्ष का कार्यकाल रहा। मुझे बूथ से लेकर जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं व वरिष्ठ नेताओं का सहयोग, मार्गदर्शन व स्नेह मिला। इसके लिए मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही जिले को पहली बार अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला जिलाध्यक्ष के रूप में बहन नंदा ब्राह्मणे के निर्वाचन पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं प्रदान करता हूं। यह केवल भाजपा में ही संभव है कि मातृशक्ति को महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाते हैं। खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा देश में मध्यप्रदेश का संगठन सबसे श्रेष्ठ है और मध्यप्रदेश में खरगोन जिले का। बहन नंदा को कार्यकर्ताओं को मोतियों की माला के रूप में पिरोकर संगठन को नई ऊंचाइयां प्रदान करना होगी। पूर्व जिलाध्यक्ष बाबुलाल महाजन ने कहा जनसंघ से लेकर वर्तमान भाजपा तक खरगोन को अनेक जिलाध्यक्ष मिले हैं। यह पहला अवसर है जब जनजातीय वर्ग की महिला जिलाध्यक्ष चुनी गई हैं। पार्टी में कोई छोटा-बड़ा नहीं है। सहजिला निर्वाचन अधिकारी कल्याण अग्रवाल ने कहा मातृशक्ति का हृदय किसी को दुखी नहीं देख सकता है। पार्टी की जिलाध्यक्ष के रूप में नंदा दीदी अपना मातृत्व हम सब पर लुटाएंगी यह विश्वास व्यक्त करता हूं। अपने भव्य स्वागत से भावविभोर श्रीमती ब्राह्मणे ने कहा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितांनदजी शर्मा आदि ने मुझे खरगोन जिलाध्यक्ष की बागडोर सौंपी है जिसका में पूर्ण निष्ठा के साथ ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करूंगी। मैं प्रदेश निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, खरगोन सांसद गजेंद्रसिंह पटेल, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक श्री पाटीदार, राजकुमार मेव, सचिन बिरला, निर्वतमान जिलाध्यक्ष श्री राठौर सहित समस्त मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता व पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करती हूं। मैं विश्वास दिलाती हूं कि संगठन हित में सभी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर तन-मन-धन से कार्य करूंगी। पार्टी को जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर विजयी बनाने के लिए निरंतर कार्य करते हुए एकजुटता के साथ संगठन को मजबूती प्रदान करूंगी। जिला कार्यालय पर जिलेभर से आए कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने श्रीमती ब्राह्मणे का पुष्पहार व पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जितेंद्र पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष बद्री पाटीदार, जिला मंत्री चंदरसिंह वास्कले, शीला पटेल, महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, पूर्व जिपं अध्यक्ष जगदीश पटेल, पूर्व माशिमं अध्यक्ष भागीरथ कुमरावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, नपाध्यक्ष छाया जोशी, खरगोन पूर्वी नगर मंडल अध्यक्ष अभिलाष अत्रे, पश्चिम मंडल अध्यक्ष रवि वर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरिता पाटीदार, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुभाष पंवार, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष आसिफ खान फतेह, पूर्व नपध्यक्ष भीकनगांव दीपक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे। संचालन जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण इंगले व कार्यालय मंत्री मोहन राठौर ने किया। आभार जिला उपाध्यक्ष हरीश शर्मा ने माना।
रिपोर्टर : हरजिंदर सलूजा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.