टीईटी निर्णय के विरोध में शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन, समाधान की उठाई मांग

भीकनगांव - मध्य प्रदेश शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई भीकनगांव द्वारा टीईटी (Teacher Eligibility Test) से संबंधित हालिया निर्णयों के विरोध में क्षेत्रीय विधायक झूमा सोलंकी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन विधायक कार्यालय पर दिया गया, जिसमें शिक्षकों ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद उत्पन्न परिस्थितियों पर चिंता जताई। ज्ञापन में शिक्षक संघ ने बताया कि टीईटी से जुड़े नए प्रावधानों के कारण प्रदेश के हजारों शिक्षकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विशेष रूप से वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को पहले “हृयोग्य एवं छूट प्राप्त” श्रेणी में रखा गया था, लेकिन वर्तमान निर्णय के बाद उनकी सेवाओं और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। संघ ने शासन से मांग की है कि ऐसे शिक्षकों के हित में स्पष्ट, व्यावहारिक एवं न्यायसंगत निर्णय लिया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि शिक्षा क्षेत्र में वर्षों से कार्यरत अनुभवी शिक्षकों के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो और उनकी सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जगदीश हिरवे, आनंदराम बरखने (जिला उपाध्यक्ष) मुकेश यादव (तहसील अध्यक्ष) मनोज श्रीवास (ब्लॉक अध्यक्ष) संतोष व्यास (संगठन मंत्री) आयुष वर्मा, हरेसिंह मंडलोई,सुनीता वर्मा,सीमा गुप्ता,विनीता तत्पाल,आशीष बर्वे सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। विधायक झूमा सोलंकी ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को उचित मंच पर उठाकर समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

रिपोर्टर - हरजिंदर सलूजा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.