पीएम पोषण योजना अंतर्गत जनपद स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित
भीकनगांव : जनपद पंचायत भीकनगांव एवं जनपद शिक्षा केंद्र भीकनगांव के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (पीएम पोषण योजना) के अंतर्गत जनपद स्तरीय कुक कम हेल्पर कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड भीकनगांव की प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में संचालित स्व-सहायता समूहों की रसोइयों एवं सहायकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा पोषणयुक्त, स्वादिष्ट एवं निर्धारित लागत के अनुरूप विभिन्न पारंपरिक व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता एवं विविधता को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता के दौरान जनपद स्तरीय निर्णायक समिति ने व्यंजनों का मूल्यांकन स्वाद, पौष्टिकता, स्वच्छता, प्रस्तुतीकरण एवं लागत जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया। मूल्यांकन उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री नकुल कापसे, विधायक प्रतिनिधि श्री महेश वर्मा एवं श्री शांतिलाल मुकाती, जनपद उपाध्यक्ष श्री दिनेश जायसवाल, युवा मंडल अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र तंवर, जनपद सदस्य श्री राजकुमार पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री निलेश सोलंकी, विकास शिक्षा अधिकारी श्री दिनेश पटेल, विकास स्त्रोत समन्वयक श्री जगदीश हिरवे, एनआरएलएम प्रमुख श्री महेश पटेल सहित विकासखंड के अकादमिक समन्वयक, जनशिक्षक, प्रधानपाठक, शिक्षक, स्व-सहायता समूहों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में रसोइयां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पीएम पोषण योजना के माध्यम से बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसी प्रतियोगिताएं भोजन की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ नवाचार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देती हैं।
रिपोर्टर : हरजिंदर सलूजा
No Previous Comments found.