भीकनगांव के युवा सावन लहरी ने बढ़ाया नगर का मान, अब AMX India House में दिखाएंगे हुनर

भीकनगांव : प्रतिभा, मेहनत और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो छोटे शहरों के युवा भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इसी का उदाहरण भीकनगांव के प्रतिभाशाली युवा सावन लहरी हैं, जिन्होंने AMX India House शो में हिस्सा लेकर नगर का नाम रोशन करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, AMX India House को लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस की तर्ज पर तैयार किया गया है। इस शो में देश के कुल 17 युवक-युवतियों ने भाग लिया है। शो की शूटिंग 25 अक्टूबर 2026 को कानपुर में संपन्न हुई। इस कार्यक्रम का प्रसारण नवंबर माह में कलर्स चैनल पर होने की संभावना बताई जा रही है।
विजेता को 25 लाख रुपये का पुरस्कार
इस शो का आकर्षण इसका पुरस्कार भी है। जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही विजेता को फिल्म में काम करने का अवसर मिलने की बात भी सामने आई है। ऐसे में यह मंच प्रतिभागियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ अपने हुनर को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर भी बन सकता है।
पहले भी मॉडलिंग शो में हासिल कर चुके हैं दूसरा स्थान
सावन लहरी ने बताया कि कानपुर में आयोजित शूटिंग में हिस्सा लेना उनके लिए एक अच्छा अनुभव रहा। उनका मानना है कि इस तरह के मंच पर भागीदारी से भीकनगांव के अन्य युवक-युवतियों को भी आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने की प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि सावन लहरी इससे पहले गोवा में आयोजित एक मॉडलिंग शो में भी हिस्सा ले चुके हैं, जहां उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया था। अब AMX India House में उनकी भागीदारी से क्षेत्र के युवाओं की उम्मीदें भी बढ़ी हैं।
छोटे शहरों से निकलकर बड़े मंचों तक पहुंचने वाले ऐसे युवा यह संदेश देते हैं कि सफलता के लिए केवल बड़े शहरों में जन्म लेना जरूरी नहीं, बल्कि प्रतिभा, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास भी अहम भूमिका निभाते हैं।
रिपोर्टर : हरजिंदर सलूजा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.