23 फरवरी को 10th,12th परीक्षा और निकाय चुनाव एक साथ कराने का किया कड़ा विरोध

खूंटी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के अध्यक्ष से मुलाकात की। इस दौरान परिषद ने 23 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट की परीक्षा और उसी दिन राज्य में होने वाले नगर निकाय चुनाव के मतदान को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की और एक मांग पत्र सौंपा।

ज्ञापन सौंपने के उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश मंत्री ने कहा कि प्रशासन का यह निर्णय पूरी तरह से अदूरदर्शी और छात्र विरोधी है। उन्होंने कहा, "एक तरफ झारखंड के लाखों छात्र अपने भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा 'इंटरमीडिएट' की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार उसी दिन नगर निकाय चुनाव कराकर प्रशासनिक अफरा-तफरी पैदा कर रही है। राज्य के अधिकांश प्लस-टू विद्यालय और महाविद्यालय मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित हैं। ऐसे में एक ही परिसर में हजारों परीक्षार्थियों की उपस्थिति और उसी समय हजारों मतदाताओं की आवाजाही न केवल परीक्षा की शुचिता को भंग करेगी, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह एक बड़ी चूक साबित होगी।

ABVP का मानना है कि चुनाव के दिन पूरे राज्य में सुरक्षा बल तैनात होते हैं, बैरिकेडिंग की जाती है और सार्वजनिक परिवहन की भारी कमी रहती है। ऐसी स्थिति में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए समय पर केंद्र पहुंचना लगभग असंभव होगा। इसके अलावा, मतदान केंद्रों पर होने वाले शोर-शराबे और राजनीतिक जमावड़े के बीच छात्र अपनी एकाग्रता कैसे बना पाएंगे?

एबीवीपी ने यह तर्क भी दिया कि इंटरमीडिएट के हजारों छात्र इस वर्ष 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं और वे पहली बार अपने लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान का प्रयोग करने के लिए उत्साहित हैं। यदि परीक्षा और चुनाव एक ही दिन होंगे, तो छात्र या तो परीक्षा चुनेंगे या मतदान। यह स्थिति युवाओं को लोकतंत्र से दूर करने वाली है।

प्रदेश मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि अगले शीघ्र JAC इस विसंगति को दूर करते हुए 23 फरवरी की परीक्षा को स्थगित या पुनर्निर्धारित  नहीं करता है, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूरे राज्य में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। छात्र शक्ति राष्ट्र शक्ति का नारा देने वाला यह संगठन किसी भी कीमत पर छात्रों के मानसिक तनाव को बढ़ने नहीं देगा।

इस अवसर पर प्रदेश के SFS संयोजक रवि अग्रवाल, महानगर मंत्री तुषार दुबे, प्रियांशु तिवारी, अभिनव सिंह, एवं मदुआ मुंडा और  कई प्रमुख कार्यकर्ता और छात्र प्रतिनिधि उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.