खूंटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर बड़े बड़े दिग्गजों का खूंटी दौरा जारी है

खूंटी : वैसे तो नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं लेकिन भाजपा, कांग्रेस और झामुमो अपने अपने अपने प्रत्याशी की जीत दिलाने में लगातार मेहनत कर रहे हैं।

लोकसभा और विधानसभा चुनाव भाजपा हार चुकी है इसलिए पूरे दमखम के साथ भाजपा नगर निकाय चुनाव को अपने पाले में करने के लिए एड़ी चोटी एक कर चुकी है। 
भाजपा में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्त्ता शामिल हुए हैं। तो वहीं दूसरी ओर झामुमो में भाजपा समर्थकों का जाना जारी है। कांग्रेस भी कार्यालय उद्घाटन के बाद रोड शो के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन कर भाजपा को कड़ी टक्कर देने में जुटी है। 

भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी को जीत दिलाने के लिए तीन पूर्व मुख्यमंत्री खूंटी के शहरी इलाके का दौरा कर चुके हैं। पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, चंपई सोरेन खूंटी नगर निकाय चुनाव को भाजपा की प्रतिष्ठा का विषय बना चुके हैं।2008 से ही लगातार नगर पंचायत अध्यक्ष पद भाजपा की झोली में ही रही है। 

वहीं खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा और तोरपा विधायक सुदीप ने भी झामुमो प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए कमान संभाले हुए हैं। झामुमो जिलाध्यक्ष भी विधानसभा चुनाव की तर्ज पर डोर टू डोर प्रचार प्रसार में जुट हैं। खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि प्रत्याशी सोनम बागे खूंटी नगर पंचायत की पढ़ी लिखी नेत्री हैं, युवा हैं जबकि भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी रिटायर्ड प्रत्याशी हैं। इसलिए खूंटी की शहरी जनता झामुमो प्रत्याशी को जीत दिलाएंगे। 

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नईमुद्दीन खान ने भी कहा कि शुरू से ही भाजपा ही अध्यक्ष पद पर काबिज रही है लेकिन विकास का कोई कार्य नहीं दिखता है। रानी टूटी पूर्व में भी अध्यक्ष रह चुकी हैं लेकिन किसी तरह का विकास कार्य नहीं हुआ है। यहां की जनता जान चुकी है। भाजपा संगठन क्या है जगजाहिर है। कितने भी बड़े नेता आएं, चुनाव जीतना उनके लिए मुश्किल है। लोकसभा में अर्जुन मुंडा भरी मतों के अंतर से पराजित हुए उसी तरह नीलकंठ सिंह मुंडा भी विधानसभा चुनाव हार गए। यहां की जनता अब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि मनोनीत बोदरा सरकारी विभाग में कार्य कर चुकी हैं उनके पास प्रशासनिक कार्यों की समझ है ऐसे में मनोनीत बोदरा बहुमत से चुनाव जीतेंगी और नगर क्षेत्र का विकास होगा।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.