योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु उपायुक्त आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति (DLC) की बैठक सम्पन्न

खूंटी : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” अंतर्गत मॉडल सोलर ग्राम विकसित करने हेतु उम्मीदवार ग्राम (Candidate Village) के चयन को लेकर जिला स्तरीय समिति (DLC) की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में सरकार के अपर ऊर्जा विभाग, झारखंड सरकार तथा नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मॉडल सोलर ग्राम के चयन हेतु निर्धारित मानकों, आवश्यक आधारभूत संरचना, संभावित लाभुकों की संख्या एवं विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त आर० रॉनिटा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित मानदंडों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए, ताकि योजना का लाभ अधिकाधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुँच सके। उन्होंने कहा कि मॉडल सोलर ग्राम के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता को सशक्त आधार प्राप्त होगा।

5 हज़ार से अधिक की जन संख्या वाले वैसे ग्राम जहां पूर्व से पीएम कुसुम, सोलर लिफ्ट इर्रिगेशन, सौर्य ऊर्जा से संबंधित कन्वर्जेंस योजना या किसी अन्य सोलर आधारित योजनाएं संचालित है, उन्हें प्राथमिकता देने की बात कही गई। इस संबंध में स्थानीय जन प्रतिनिधि के साथ कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी को बैठक कर योजना का प्रचार प्रसार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि चयनित ग्राम को 6 माह प्रतिस्पर्धा के लिए दिया जाएगा, जिस गांव में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन होगा, उसे मॉडल विलेज के रूप में चिन्हित कर इसके विकास के लिए सरकार द्वारा अतिरिक्त फण्ड मुहैया कराई जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद खूंटी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अग्रणी जिला प्रबंधक के प्रतिनिधि, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल खूंटी, जिला परिषद सदस्य एवं अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित थे।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.