खूंटी आवास कर्मियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

खूंटी : खूंटी मुख्यालय के समक्ष प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना तथा आंबेडकर आवास योजना में संविदा पर कार्यरत पदाधिकारियों और कर्मियों ने अपनी लंबित मानदेय संबंधी मांगों को लेकर सरकार को अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। राज्य आवास कर्मी संघ की ओर से ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार को पत्र भेजकर जल्द से जल्द मांगों के समाधान की मांग की गई है।

संघ के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना और आंबेडकर आवास योजना के तहत कार्यरत कर्मियों का मानदेय काफी कम है। इसे देखते हुए संघ ने लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर का मानदेय 36 हजार रुपये तथा प्रखंड समन्वयक का मानदेय 45 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है।
इसके अलावा कर्मियों के पदों की प्रशासनिक स्तर पर स्वीकृति देने, मासिक मानदेय को संशोधित कर ग्रेड के आधार पर निर्धारित करने, क्षेत्र भ्रमण भत्ता प्रदान करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विभागीय स्तर पर अपील का अवसर देने की भी मांग की गई है।
राज्य आवास कर्मी संघ ने सरकार को अपने चरणबद्ध आंदोलन की भी जानकारी दी है। इसके तहत 16 फरवरी से 18 फरवरी तक काला बिल्ला लगाकर कार्य किया जाएगा, जबकि 23 फरवरी से 25 फरवरी तक कलमबंद हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 10 मार्च 2026 को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों एवं राज्य मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 17 मार्च से 20 मार्च 2026 तक राज्यभर के आवास कर्मी सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे।
संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है, तो 7 अप्रैल 2026 से राज्यभर के आवास कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.