खूंटी में JLKM द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सह रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
खूंटी : खूंटी जिला में सामाजिक सरोकार और जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के तत्वावधान में सदर अस्पताल खूंटी के सहयोग से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम खूंटी क्लब परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना था। शिविर में सदर अस्पताल की मेडिकल टीम द्वारा लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई । साथ ही रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस अवसर पर सदर अस्पताल खूंटी के उपाधीक्षक डॉ. आनंद उरांव उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि खूंटी सदर अस्पताल में कई ऐसे मरीज़ भर्ती होते हैं जिनको रक्त की कमी होती है। साथ ही कई दुर्घटनाओं से संबंधित मरीज़ हर दिन आते हैं इसके अलावे थैलेसीमिया, सिकल सेल, एनीमिया समेत गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान खून की जरूरत होती है ऐसे में रक्तदान शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता हैं। दुर्घटना में कई घायल मरीज के शरीर से भारी मात्रा में खून बह जाने से उनकी जान को खतरा होता है ऐसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।
जेएलकेएम के जिलाध्यक्ष कुमार ब्रजकिशोर ने कहा कि रक्त दान से बड़ा कोई दान नहीं हैं यह दान ऐसा दान हैं जिससे जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा से सामाजिक कार्यों में आगे रहा है और भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। वहीं जेएलकेएम के प्रवक्ता विनय कुमार ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
रक्तदान शिविर में जेएलकेएम के युवा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक भी किया और बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है।
इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शाहिद अंसारी

No Previous Comments found.