खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। खूंटी पुलिस ने पीएलएफआई के छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया

खूंटी : खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। खूंटी पुलिस ने पीएलएफआई के छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों में विजय भोक्ता, धीरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम, शुभम कुमार पोद्दार उर्फ शुभम कुमार, निमिस गोप उर्फ हनि और राम आयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, लेवी से संबंधित दस्तावेज और दो कार बरामद किया है।

खूंटी एसपी मनीष कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से 13 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 1 देशी पिस्टल (7.65 एमएम), 2 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, कई बैंक एटीएम कार्ड, विभिन्न बैंकों के पासबुक- चेकबुक, पीएलएफआई के पर्चे, नोटबुक, व्यवसायियों की सूची और दो कार शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि पुलिस को 13 मार्च 2026 की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि खूँटी थाना क्षेत्र के तजना नदी के पास नहर किनारे कुछ अपराधी कार से पहुंचकर अवैध हथियार के साथ लेवी की राशि लेने तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया और तजना नदी किनारे से तीन उग्रवादियों को धर दबोचा। तीनों से पूछताछ के बाद और तीन उग्रवादी खूंटी पुलिस के हत्थे चढ़े।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी व्यवसायियों और ठेकेदारों की जानकारी इकट्ठा कर जेल में बंद पीएलएफआई सदस्यों को भेजते थे। इसके बाद वर्चुअल मोबाइल नंबर बनाकर फोन और व्हाट्सएप के जरिए लेवी की मांग की जाती थी। लेवी नहीं देने पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर पर्चा भी फेंका जाता था। 

एस पी ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों की संलिप्तता कई मामलों में सामने आई है, जिनमें
पिपराटोली चौक स्थित शराब दुकान में बम फेंकने (दिसंबर 2025)
डुगड्डुगिया क्रशर प्लांट में फायरिंग कर लेवी मांगने (दिसंबर 2025)
शराब व्यवसायी को फोन से धमकी देकर लेवी मांगने (फरवरी 2026)
तोरपा के डोरमा क्रशर प्लांट में फायरिंग कर दहशत फैलाने जैसी घटनाएं शामिल हैं।

इस मामले में खूंटी थाना कांड संख्या 37/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट 1959 और 17सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

खूंटी डीएसपी वरुण रजक के नेतृत्व में बनी छापामारी टीम में खूंटी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक सहित खूंटी थाना पुलिस टीम तथा सशस्त्र बल शामिल थी।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.