उप कारागार खूँटी में जेल अदालत व विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बंदियों को दी गई निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी

खूंटी : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), खूँटी की ओर से रविवार को उप कारागार खूँटी में जेल अदालत एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जेल अदालत के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए के सचिव कमलेश बेहरा ने बंदियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बंदी को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है और विधिक सेवा प्राधिकरण न्याय तक सुलभ पहुँच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने जेल अदालत की भूमिका और इसके माध्यम से मामलों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अमित आकाश सिन्हा ने भी बंदियों को अपने मामलों के प्रति जागरूक रहने तथा विधिक प्रक्रिया की जानकारी रखने की अपील की।
कार्यक्रम के तहत सदर अस्पताल खूँटी के चिकित्सक डॉ. एरोन होरो एवं उनकी टीम के सहयोग से एक स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में बंदियों का रक्तचाप (BP), रक्त शर्करा (Blood Sugar) सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस कार्यक्रम में डीएलएसए सचिव कमलेश बेहरा, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अमित आकाश सिन्हा, डॉ. एरोन होरो, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की डिप्टी चीफ नम्रता कुमारी, जेल इंचार्ज जीवन एक्का, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) संजय हस्सा सहित जेल पीएलवी एवं जेलकर्मी उपस्थित रहे।
जेल अदालत में निस्तारण के लिए कोई उपयुक्त मामला प्रस्तुत नहीं किया गया। हालांकि इस अवसर पर बंदियों को जेल अदालत के महत्व और न्याय तक पहुँच सुनिश्चित करने में विधिक सेवा प्राधिकरणों की भूमिका के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.