खूंटी–रांची रोड पर तेज रफ्तार बस की कहर चपेट में आई युवती, हालत गंभीर

खूंटी : खूंटी–रांची मुख्य मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती की पहचान कोल्हा मुंडा की पुत्री सोनी मुंडा (लगभग 17–18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सफायर इंटरनेशनल स्कूल के बगल की रहने वाली बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनी मुंडा अपने घर के सामने खड़ी थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही एक बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती बस के नीचे फंस गई। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में युवती के शरीर के एक हिस्से में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए देवनिका अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
इधर, दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलते ही टुपुदाना ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर : शहीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.